
फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवां हाईवे स्थित पीएनसी गोदाम के पास 16 सितंबर को जमीन की कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जिला पंचायत सदस्य रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह, बलराम मिश्रा, पत्तू उर्फ नन्देर, गड्डू पटेल और शिवकुमार शामिल हैं। पुलिस ने रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर SBBL गन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और महिंद्रा भी बरामद की पुलिस ने बताया कि बरामद लाइसेंसी गन रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह के नाम पंजीकृत है। आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के साथ रिंकू सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27(1)/30 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को आज आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।





