फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में रविवार को बधाई नेग लेने के लिए तय किए गए एरिया के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार प्रथम पक्ष की सपना सिंह यादव, अस्थायी निवासी आरामपुर बसई थाना सुल्तानपुर घोष और दूसरे पक्ष के महेश उर्फ महेक सरोज निवासी सलेमपुर मंडवा के बीच बीती 11 अगस्त को उनके गुरु भाइयों की मौजूदगी में बधाई नेग लेने के लिए क्षेत्र का आपसी बंटवारा हुआ था। बताया गया कि समझौते के तहत सपना पक्ष को सुल्तानपुर घोष से लेकर एकाउनागढ़ मजरे रसूलपुर भंडरा तक, जबकि महेक पक्ष को मोहम्मदपुर गौती कसार से अफोई जनपद सीमा तक का क्षेत्र दिया गया था।
तय एरिया को लेकर बढ़ा विवाद
रविवार को महेक पक्ष की ओर से सपना को फोन पर बताया गया कि वह प्रेमनगर कस्बे में ढोलक लगाकर बधाई नेग लेने जा रहे हैं। सपना पक्ष का कहना है कि प्रेमनगर उनके तय क्षेत्र में आता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हाथापाई का रूप ले लिया और प्रेमनगर के मंडवा मोड़ पर हंगामा शुरू हो गया।
साड़ी पहने युवकों को लाने का आरोप
सपना पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद महेक अपने साथ कौशाम्बी जनपद के अझुआ क्षेत्र से करीब 10 से 15 युवकों को साड़ी पहनाकर मौके पर लेकर आए। आरोप है कि इन लोगों ने सपना के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने के बाद सपना की गुरु-बहन आरती श्रीवास्तव समेत खागा क्षेत्र से बड़ी संख्या में किन्नर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से मंडवा मोड़ पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
‘नकली किन्नरों’ को लेकर भी उठे सवाल
हंगामे के दौरान सपना पक्ष की ओर से दावा किया गया कि महेक के साथ आए कुछ लोग वास्तविक किन्नर नहीं थे। सपना पक्ष का आरोप है कि मौके पर चार लोगों के कपड़े फाड़कर उनकी असलियत सामने लाई गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच कथित ‘नकली किन्नरों’ को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
हालांकि, किसी व्यक्ति के किन्नर होने या न होने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं सपना ने महेश उर्फ महेक पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह मूल रूप से सलेमपुर मंडवा के रहने वाले हैं और पहले एक नौटंकी में डांस का काम करते थे, जिसके बाद उन्होंने लिंग परिवर्तन कर किन्नर का रूप धारण किया। इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मामला शांत
हंगामे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। बधाई नेग लेने के क्षेत्र को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से समझौता होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद तय एरिया को लेकर विवाद खड़ा होने से कई सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दोनों पक्षों के बीच क्षेत्र की सीमाएं पहले से तय थीं तो प्रेमनगर में नेग लेने को लेकर विवाद की नौबत क्यों आई? वहीं दूसरा सवाल यह है कि विवाद के दौरान इतनी संख्या में बाहरी लोग मौके पर कैसे पहुंचे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बधाई नेग के क्षेत्र को लेकर विवाद बढ़ने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पुलिस को एरिया बंटवारे से जुड़े समझौते और विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट करनी चाहिए।
Trending Now
फतेहपुर:एरिया बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने, प्रेमनगर में जमकर हंगामा
👁 33.7K views







