फतेहपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक पुरानी बकरी बाजार, बाकरगंज स्थित मन्ना मियां के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ताजियादारों और अलमदारों ने भाग लिया तथा मोहर्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष चौधरी मोईन राईन ने की, जबकि संचालन महामंत्री वारिस उद्दीन ने किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए ताजियादारों ने अपने-अपने इलाकों में जुलूस मार्गों से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को कमेटी के समक्ष रखा।
अध्यक्ष चौधरी मोईन राईन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम से पूर्व जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन देकर ताजिया, अलम और पलंग के जुलूस मार्गों में आने वाली समस्याओं के निस्तारण की मांग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, खुली पुलियों को दुरुस्त कराने तथा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
महामंत्री वारिस उद्दीन ने कहा कि बैठक में ताजियादारों द्वारा उठाई गई नई समस्याओं को भी गंभीरता से लिया गया है। कमेटी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करेगी, ताकि मोहर्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद काजी शहर अब्दुल्ला सईदुल इस्लाम एवं सुन्नी शहर काजी मुफ्ती सहाबुद्दीन ने कहा कि ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी सभी ताजियादारों और अलमदारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मोहर्रम के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
बैठक में शब्बीर अहमद, चौधरी अब्दुल सलाम, समी खान, कफील अहमद, हाजी खुर्शीद आलम, हाजी कासिम अली, रियाज अहमद, फरीद खान, इश्तियाक, नईम भंडारी, परवेज खान, हाफिज अहमद, खलील खान, लल्लू राईन, राशिद राईन, शब्लू भंडारी, बबलू भंडारी, मुमताज बावर्ची, सलमान, ग्राम रैना के राजा तिवारी, शकील चौधरी, महमूद चौधरी सहित बड़ी संख्या में ताजियादार एवं अलमदार उपस्थित रहे।






