फतेहपुर। गर्मी की छुट्टियां बिताने आए दो मासूम चचेरे-मौसेरे भाइयों की यमुना नदी में डूबने से दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। जाफरगंज थाना क्षेत्र के बिंदौर घाट पर मंगलवार सुबह स्नान के दौरान दोनों बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में एक बालक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार जाफरगंज निवासी योगेश अपने 11 वर्षीय भतीजे ऋषभ मिश्रा और 12 वर्षीय मौसेरे भांजे प्रतीक पाण्डेय के साथ बिंदौर घाट पर यमुना स्नान के लिए पहुंचे थे। दोनों बच्चे नदी में नहा रहे थे तभी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। देखते ही देखते दोनों मासूम यमुना की लहरों में समा गए।
बच्चों को डूबता देख योगेश ने शोर मचाया, जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। काफी तलाश के बाद ऋषभ का शव बरामद कर लिया गया, जबकि प्रतीक की खोजबीन लगातार जारी है।
हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बिंदौर घाट पर देर तक मातमी माहौल बना रहा और लापता बालक की तलाश में राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।






