फतेहपुर। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था। तभी ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा डंपर चालक की तलाश की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।






