फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक महिला को बेटे की मॉडलिंग प्रमोशन का शौक भारी पड़ गया। दरअसल, टेलीग्राम लिंक भेज कर पहले महिला के खाते में 15 हज़ार भेजे। आरोप है कि इसके बाद ठगों ने इंटरनेशनल मॉडलिंग का झांसा देकर 1.50 लाख रुपए जमा कराए इसके बाद टास्क पूरा करने पर 5 लाख का लाभ दिखाकर टेलीग्राम लिंक से डिस्कनेक्ट कर रुपए हड़प लिए। मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टास्क पूरा करने पर भेजे 15 हजार
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के शहर स्थित सिविल लाइंस मोहल्ले के रहने वाले प्रथम राठौर की पत्नी सौम्या चौहान ने पुलिस को तहरीर दी। इन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को वह फेसबुक चला रहीं थीं। इस दौरान उन्हें ‘टिनी वंडर’ नाम का एक ग्रुप दिखा। जिसमें काफी लोग चैटिंग कर रहे थे। ग्रुप में बच्चों की मॉडलिंग और प्रमोशन के साथ प्रॉफिट का भी जिक्र किया गया था। इस पर सौम्या ने विश्वास कर ठगों की ओर से बताए गए खाते में 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।साथ ही, मॉडलिंग के लिए बच्चे का फोटो भी भेज दिया। इसके बाद ठगों ने एक टेलीग्राम लिंक भेजा। इसमें महिला होटल प्रमोशन के टास्क पूरा कर ही रही थी। इसी दौरान उनके खाते में बतौर प्रॉफिट 15 हजार रुपये आए।
5 लाख का प्रॉफिट दिखाया
इसके बाद तुरंत एक मैसेज मिला कि यदि बच्चे को इंटरनेशनल लेवल पर मॉडलिंग और प्रमोशन कराना चाहती है तो इसके लिए आपको और भी फीस जमा करनी होगी। साथ ही, ठगों ने यह भी कहा कि जितना एमाउंट डिपॉजिट करेंगी, टास्क पूरा करने पर आपके खाते में वापस हो जाएगा। इस पर सौम्या ने टेलीग्राम लिंक से बच्चे की पिक के साथ बताए गए अलग-अलग दो बैंक खातों में फिर से 1.50 लाख रुपये सेंड कर दिए। इसके बाद सौम्या टास्क पूरा करने लगी। इस दौरान उनकी आईडी पर 5 लाख रुपये का प्रॉफिट शो करने लगा।
ठगी के बाद डिस्कनेक्ट
महिला ने इसके बाद चैट के जरिए आगे न खेलने की इच्छा जाहिर करते हुए प्रॉफिट के रुपये खाते में ट्रांसफर करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद फेसबुक और टेलीग्राम पेज से उन्हें डिस्कनेक्ट कर दिया गया। इसके बाद सौम्या को अहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साइबर से जुड़ा फ्रॉड है। जांच की जा रही है।






