फतेहपुर। यूनाइटेड पब्लिक स्कूल, सिविल लाइंस के छात्र-छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी भाषा और साहित्य का गौरव बढ़ाते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्व हिंदी सचिवालय द्वारा आयोजित “अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदी नाटक प्रतियोगिता” में विद्यालय की लघु नाटिका को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
दरअसल, 16 मार्च 2026 को यूनाइटेड पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस में अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदी नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “नये युग में हिन्दी” विषय पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका का मंचन किया। नाटिका की स्क्रिप्ट श्री विपिन कुमार सिंह ने लिखी, जबकि कलाकारों की साज-सज्जा की जिम्मेदारी श्रीमती अमिता जोशी ने संभाली। नाटिका का निर्देशन डॉ. ओमेंद्र कुमार ने किया।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को पांच भागों में विभाजित किया गया था, जिसमें अफ्रीका, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और भारत सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यूनाइटेड पब्लिक स्कूल की नाटिका के मंचन की वीडियोग्राफी निर्णायक मंडल के समक्ष भेजी गई। निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद विद्यालय की प्रस्तुति को द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया।
पुरस्कार स्वरूप विद्यालय को 130 अमेरिकी डॉलर की नगद धनराशि और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र विद्यालय के चेयरमैन डॉ. आई.एम. रोहतगी ने सभी नाट्य कलाकारों को समान रूप से वितरित किए।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। एशिया महाद्वीप से बाहर हिंदी भाषा पर आधारित नाटिका का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरस्कृत होना विद्यालय ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी गौरव का विषय बताया गया।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. इंद्रमोहन रोहतगी, जनरल सेक्रेटरी श्री रोचक रोहतगी तथा प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति दास ने नाटिका से जुड़े सभी छात्र-छात्राओं, कलाकारों और सहयोगी सदस्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां विद्यार्थियों में अपनी भाषा, संस्कृति और प्रतिभा के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करती हैं।
Trending Now
यूनाइटेड पब्लिक स्कूल की अंतरराष्ट्रीय उड़ान, हिंदी नाटिका को मिला द्वितीय पुरस्कार
👁 24.2K views







