फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना में दो बाइक सवार दोस्त ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों की कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार एक शादी समारोह से लौटते समय सड़क हादसे के शिकार हो गए थे। मृतकों में एक युवक की शादी तीन दिन पहले ही हुई थी।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हथगाम थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी रामपाल का 25 वर्षीय बेटा अवधेश और पड़ोस के ही विमलेश (24) पुत्र रामअवतार दोनों अच्छे दोस्त थे। शुक्रवार की रात बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी के एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि वापस घर लौटते समय उक्त बाइक सवार जैसे ही शनिवार की तड़के करीब 3:00 बजे प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर स्थित अम्बापुर पुल के पास पहुंचे, तभी प्रयागराज की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां दोनों लोग रक्त रंजित होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक के भी परखच्चे उड़ गए।
चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। यह देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने स्थानीय थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर मौजूद डॉक्टरों ने मेडिकल चेकअप के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
उधर, रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे परिजन शवों को देखकर चीख पड़े। बताया जा रहा है कि मृतक विमलेश की शादी बीते 25 नवंबर को ही हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवकों की सड़क हादसे में मौत हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।






