फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान समिति के महासचिव फूल सिंह लोधी के पुत्र योगेंद्र लोधी की 9 सितंबर 2026 को सड़क हादसे में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हादसे में योगेंद्र की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली सदर फतेहपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मृतक के पिता फूल सिंह लोधी ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी को बताया कि कार में पांच लोग सवार थे और कथित तौर पर सभी नशे की हालत में थे। आरोप है कि कार सवार इससे पहले राधानगर में एक घटना करने के बाद भाग रहे थे। इसके बाद चौधरी गार्डन के पास ई-रिक्शा में टक्कर मारी, जिसमें कई लोग घायल हुए और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
आरोप है कि इसके बाद कार ने योगेंद्र की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार को मौके पर छोड़कर चालक समेत अन्य लोग भागने लगे। स्थानीय लोगों ने चालक और एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ ही देर बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
परिजनों को आशंका है कि दुर्घटना के समय कार चलाने वाला व्यक्ति नाबालिग और नशे में हो सकता था। उनका आरोप है कि वास्तविक चालक की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को चालक दिखाकर मामले को कमजोर किया जा सकता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि मामले को लेकर कोतवाल से मिलने का प्रयास किया गया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं कचहरी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक अनमोल सिंह से तीन घंटे में 11 बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 सितंबर को पूर्व सैनिक उत्थान समिति का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक फतेहपुर से मुलाकात करेगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
इस मौके पर भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री, राजकुमार तिवारी, जागृति तिवारी, लखनलाल विश्वकर्मा, राम सजीवन, देवेंद्र कुमार शुक्ला, रामराज अवस्थी, राजेश कुमार शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Trending Now
फतेहपुर: कार की टक्कर से युवक की मौत, पूर्व सैनिक उत्थान समिति ने उठाए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
👁 17.5K views







