असोथर/फतेहपुर। हसवा विकासखंड के ग्राम सभा टीकर में मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीओ को प्रार्थना पत्र दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऊर्जा मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजे जाने और शासन स्तर से संज्ञान लिए जाने के बावजूद अब तक लाइन शिफ्ट नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में 11 केवी विद्युत लाइन कई मकानों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही है। लाइन मकानों के बेहद करीब होने के कारण छतों पर आने-जाने, घरेलू काम करने और सामान रखने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। बच्चों को भी छतों पर जाने से रोकना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर 21 अगस्त को ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, 24 अगस्त को ऊर्जा मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों को जांच कर विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए कहा गया, लेकिन अभी तक मौके पर लाइन शिफ्टिंग की कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मौके का निरीक्षण कराकर लाइन की तकनीकी स्थिति की जांच कराने और आवासीय मकानों के ऊपर से गुजर रही लाइन को हटाकर सड़क किनारे पर्याप्त ऊंचाई वाले पोल लगाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से किसी संभावित हादसे की आशंका बनी हुई है।
प्रार्थना पत्र देने वालों में जगदीश प्रसाद, संदीप मौर्य, सवेश कुमार, अनिल कुमार, मनोज कुमार, गौरव मौर्य, अर्जुन कुमार, प्रदीप कुमार, केशवशरण, भानु प्रताप सिंह, सतीश कुमार, राजेश, उमेश कुमार, महेश कुमार और सुरेश चंद्र आदि शामिल रहे।
सहायक अभियंता सुदामा प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद उच्च अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Trending Now
हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग की मांग ऊर्जा मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजने के बाद भी नहीं हटी 11 केवी लाइन टीकर के ग्रामीणों ने एसडीओ को दिया प्रार्थना पत्र, छतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को सड़क किनारे शिफ्ट कराने की मांग
👁 20.5K views







