फतेहपुर। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को नहर कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरने का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने किया। इस दौरान हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्या सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिजली कटौती और बढ़ी हुई दरों से आम जनता परेशान है, जबकि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान नीट पेपर लीक, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था तथा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है और जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, युवा और समर्थक मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






