फतेहपुर। जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र में एक किशोर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित किशोर सुंदरम द्विवेदी 19 जून की रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर का पाइप देकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में अंदौली पुलिया के पास शराब के नशे में धुत दो युवकों नैतिक और धनंजय ने उसे रोक लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर राधानगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






